कोईराजपुर में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जा:भू-माफियाओं ने रातों-रात खड़ी की दीवार, प्रशासन चलाएगा बुलडोजर

पिंडरा तहसील अंतर्गत बेशकीमती जमीनों पर चोरी छुपे कब्जा करने का मामला सामने आया है। ताजा मामला बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोईराजपुर गांव का है। गांव में रिंग रोड फेज दो के समीप गाटा संख्या 645 (क) की सरकारी बंजर भूमि पर भू-माफियाओं ने चोरी-छिपे कब्जा शुरू कर दिया है। इस मामले में ग्रामीणों द्वारा गुरुवार को एसडीएम से शिकायत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम प्रतिभा मिश्रा के निर्देश पर कानूनगो भोला प्रसाद और लेखपाल आशीष कुमार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान टीम को बंजर भूमि पर नई बाउंड्री वॉल खड़ी मिली। चौंकाने वाली बात यह भी है कि राजस्व टीम के पहुंचने के बाद कोई भी निर्माण कराने वाला व्यक्ति सामने नहीं आया। कानूनगो द्वारा इसके बारे में ग्राम प्रधान से भी पूछताछ की गई। ग्राम द्वारा भी निर्माण करवाने वाले कि जानकारी न होने की बात कहने पर अधिकारी हैरान रह गए।
नेता और आश्रम की भूमिका संदिग्ध
राजस्व विभाग की प्राथमिक जांच में यह कब्जा अवैध पाया गया है। कानूनगो भोला प्रसाद ने बताया कि दस्तावेजों के अनुसार यह गाटा संख्या 645 (क) भूमि बंजर है। वहीं आसपास के कुछ लोगों द्वारा राजस्व टीम को बताया गया कि इस कब्जे के पीछे पास के ही एक आश्रम और एक क्षेत्रीय नेता की मिलीभगत है। शिकायतकर्ता सुरेंद्र यादव समेत अन्य ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि रसूखदारों के शह पर इस बेशकीमती जमीन को हथियाने की साजिश रची गई है। इस मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई होनी चाहिए। शुक्रवार को चलेगा प्रशासन का बुलडोजर
ममले की जानकारी होने के बाद राजस्व विभाग अब कड़ी कार्रवाई के मूड में है। कानूनगो भोला प्रसाद ने बताया कि यदि शुक्रवार तक निर्माण कराने वाला कोई भी पक्ष वैध कागजात के साथ सामने नहीं आता है, तो इसे पूर्णतः अवैध मानकर ध्वस्त कर दिया जाएगा। फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो भू-माफिया इसी तरह सरकारी संपत्तियों पर कब्जा जमाते रहेंगे।