रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में 12 वर्षीय छात्र अतुल की मौके पर मौत हो गई। छात्र कोचिंग से साइकिल पर घर लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। मृतक अतुल, अंजनी का पुत्र था और बिशुनपुर का निवासी था। वह कस्बे के बाबा माधव दास विद्यालय में कक्षा 7 का छात्र था। यह घटना बछरावां-मौरवां मार्ग पर वन विभाग कार्यालय के सामने हुई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बछरावां पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। मृतक छात्र के पिता ने बछरावां थाने में घटना के संबंध में एक प्रार्थना पत्र दिया है।