मैनपुरी के घिरोर थाना क्षेत्र अंतर्गत अलालपुर बायपास मार्ग तिराहे पर कोल्ड ड्रिंक एजेंसी मालिक से हुई सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने 3 अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो विभिन्न बिंदुओं पर जांच में जुटी हुई हैं। यह वारदात बुधवार शाम करीब छह बजे की है। कोल्ड ड्रिंक व्यापारी नीटू गुप्ता अपनी एजेंसी के गोदाम स्थित कार्यालय में बैठे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आए। बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी को बंधक बना लिया और उनके हाथ व मुंह बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने गोदाम में रखी करीब 1 लाख 10 हजार रुपये की नकदी, एक सोने की चेन, अंगूठी, बाइक की चाबी और कार की चाबी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल मिठास, सीओ कुरावली सच्चिदानंद सिंह और थाना प्रभारी घिरोर अनुज चौहान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। सीओ सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि लूट की इस वारदात को पुलिस गंभीरता से ले रही है। तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। यह वारदात पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती मानी जा रही है, क्योंकि इससे दो दिन पहले घिरोर बॉर्डर से सटे औंछा थाना क्षेत्र में भी दो सर्राफा कारोबारियों की दुकानों से करीब 85 लाख रुपये की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।