कौशांबी में शनिवार देर रात पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने करारी थाना परिसर में दो दर्जन से अधिक ग्राम चौकीदारों को कंबल वितरित कर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम ठंड के मद्देनजर आयोजित किया गया था। इस दौरान थाना करारी के सभी चौकीदारों को ग्राम सुरक्षा व्यवस्था में उनकी निरंतर सक्रियता के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्हें कंबल प्रदान करते हुए उनके दायित्वों, सतर्कता और जनसहयोग आधारित पुलिसिंग को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। कंबल वितरण के दौरान एसपी ने ग्राम चौकीदारों को ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने और पुलिस-जन सहयोग को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। एसपी ने सभी चौकीदारों के कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सतर्कता और निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक करारी शियाकांत चौरसिया भी उपस्थित रहे।