कौशांबी में टीकाकरण के बाद मासूम की मौत:परिजनों ने लापरवाही का लगाया आरोप, FIR दर्ज

कौशांबी के मंझनपुर क्षेत्र में टीकाकरण के बाद तीन माह की एक बच्ची की मौत हो गई। बसोहनी गांव में हुई इस घटना से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने टीकाकरण में लापरवाही का आरोप लगाया है। यह घटना बुधवार को छोटी बसोहनी गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर नियमित टीकाकरण के दौरान हुई। गांव के रामपाल अपनी तीन माह की बेटी अन्नू को टीका लगवाने के लिए केंद्र पर ले गए थे। परिजनों के अनुसार, एएनएम द्वारा टीका लगाए जाने के बाद जब वे बच्ची को घर लाए, तो कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी। बच्ची जोर-जोर से रोने लगी और उसकी तबीयत लगातार खराब होती गई। बच्ची की बिगड़ती हालत देखकर परिजन शाम को उसे जिला अस्पताल ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता रामपाल ने आरोप लगाया है कि टीकाकरण में लापरवाही के कारण उनकी बेटी की जान गई। उन्होंने गुरुवार को मंझनपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें कहा गया कि टीका लगने के बाद बच्ची की हालत बिगड़ी, लेकिन मौके पर कोई समुचित चिकित्सीय सहायता नहीं मिली। पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने बताया कि बच्ची को पेंटा-1 का टीका लगाया गया था। जो नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और यदि लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।