कौशांबी में तेज-रफ्तार बाइक पेड़ से टकराई, युवक की मौत:दूसरा गंभीर रूप से घायल, सड़क पर घिसटती चली गई बाइक

कौशांबी में रविवार शाम सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर रावण मैदान के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे लगे शीशम के पेड़ से टकरा गई। मृतक की पहचान जसवंत (30 वर्ष) पुत्र सीताराम, निवासी रघुनाथपुर, थाना सैनी के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक राजू पटेल (35) पुत्र लाल चंद्र बताया गया है, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक रविवार शाम करीब 5 बजे किसी काम से टेढ़ीमोड़ गए थे। लौटते समय शहजादपुर गांव स्थित रावण मैदान के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सड़क पर घिसटती चली गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही शहजादपुर चौकी प्रभारी गणेश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान शाम करीब 7 बजे जसवंत की मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।