कौशांबी में बाइक पेड़ से टकराई, पति-पत्नी की मौत:दावत से लौटते समय हादसा, अधिक धुंध के कारण वाहन अनियंत्रित; प्रयागराज के निवासी

मूरतगंज ब्लॉक के चरवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई। यह दुर्घटना मनौरी-भरवारी मार्ग पर समसपुर गांव के पास हुई, जब घने कोहरे के कारण एक अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे आम के पेड़ से जा टकराई। मृतक दंपती की पहचान प्रयागराज जनपद के पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र के पंतलवा बमरौली निवासी अजय और उनकी पत्नी राधा देवी के रूप में हुई है। दोनो की एक बेटी है। जानकारी के अनुसार, दोनों चरवा क्षेत्र के सिरसी गांव में एक दावत में शामिल होने के बाद राधा के मायके मितुवापुर जा रहे थे। हादसे के वक्त राधा की मां एक अन्य बाइक पर आगे चल रही थीं। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर जब वह पीछे लौटीं, तो उन्होंने अपनी बेटी और दामाद को सड़क किनारे मृत अवस्था में पाया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण भी तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर चरवा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा तेज रफ्तार, सड़क पर फिसलन या घने कोहरे के कारण हुआ।