पश्चिम शरीरा क्षेत्र के ग्राम पुनवार में गुरुवार शाम एक राजगीर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय उमेश लोधी पुत्र रामराज लोधी निवासी पुनवार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, उमेश राजगीरी का काम करता था और उसे शराब पीने की लत थी। गुरुवार शाम वह शराब पीकर काम से घर लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। उस समय उसकी पत्नी बच्चों के साथ बाहर घरेलू काम कर रही थी। कुछ देर बाद जब पत्नी कमरे में पहुंची, तो उसने पति का शव फंदे से लटका देखा और चीख पड़ी। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने पर पश्चिम शरीरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी हरीश तिवारी ने बताया कि मृतक शराब का आदी था। प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।