कौशांबी हाईवे पर ट्रक ने पिकअप को टक्कर मारी:चालक घंटों फंसा रहा, गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया

सैनी थाना क्षेत्र के अजुहा में बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में पिकअप चालक अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया और घंटों ड्राइवर सीट पर फंसा रहा। स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत के बाद घायल चालक को पिकअप से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अमित कुमार को एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घायल पिकअप चालक की पहचान दिल्ली निवासी अमित कुमार (30) पुत्र जोगिंदर के रूप में हुई है। अमित कोलकाता से पार्सल का सामान लोड कर कानपुर जा रहा था। सोमवार रात अजुहा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के सामने यह हादसा हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के कारण हाईवे पर लगभग दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसे थाना पुलिस ने हटवाया।