क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी बोली- पति के कई अफेयर:मुझे बीमारी में रिलेशन बनाने को मजबूर किया, 1 करोड़ हर्जाना चाहिए

IPL क्रिकेटर अमित मिश्रा की पत्नी ने कानपुर कोर्ट में उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है। गरिमा तिवारी ने कहा- अमित ने दहेज के लिए मेरे साथ मारपीट की। मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। यहां तक कि कई बार मुझे भूखा भी रखा। पति ने बीमारी के दौरान भी जबरन शारीरिक संबंध बनाए। मॉडलिंग से होने वाली मेरी कमाई भी छीन ली। मैंने अमित की हरकतों से परेशान होकर फिनायल पीकर जान देने की कोशिश की थी। इसके बाद मुझे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गरिमा ने कोर्ट में कहा कि अमित के कई लड़कियों से कॉन्टैक्ट हैं। वह मेरे सामने ही उन लड़कियों से फोन पर कॉल और चैट करते थे। उन्होंने कई लड़कियों को शादी का झांसा देकर उनके साथ यौन शोषण किया है। पति के रसूख के चलते पुलिस मेरी FIR नहीं दर्ज कर रही थी। पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद मैंने कोर्ट के जरिए केस दाखिल किया है। मुझे एक करोड़ रुपए हर्जाना चाहिए। गरिमा अब तक अमित पर कुल 3 केस दर्ज करा चुकी हैं। पत्नी गरिमा के अमित मिश्रा पर लगाए आरोप पढ़िए… दहेज के ताने देते थे ससुराल वाले
कानपुर की गरिमा तिवारी (35) पेशे से मॉडल हैं। वह बिरहाना रोड की रहने वाली हैं। गरिमा ने बताया- 2019 में किदवई की आरबीआई कॉलोनी निवासी अमित मिश्रा से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई। बातचीत के बाद हमारी नजदीकियां बढ़ती गईं। करीब ढाई से 3 साल तक हम दोनों रिलेशनशिप में रहे। 26 अप्रैल, 2021 को हम दोनों की कानपुर क्लब से शादी हुई। इसके बाद आए दिन दहेज को लेकर पति अमित और ससुराल वाले (सास बीना मिश्रा, ससुर शशिकांत मिश्रा, जेठ अमर मिश्रा, जेठानी रितु मिश्रा और ननद स्वाती मिश्रा) छोटी-छोटी बातों पर ताने देने लगे। होंडा सिटी कार और 10 लाख रुपए मांगे
ससुराल वाले विदाई से पहले दहेज में होंडा सिटी कार और 10 लाख रुपए मांगने लगे। मेरे घर वालों ने किसी तरह 2.50 लाख रुपए का इंतजाम किया। तब जाकर ससुराल वालों ने मेरी विदाई होने दी। लेकिन अमित और ससुराल वालों की मांग लगातार बढ़ती गई। अमित शराब पीकर मेरे साथ मारपीट करते थे। कई दिन तक मुझे भूखा भी रखा जाता था। वह बीमारी में मुझ पर रिलेशन बनाने का दबाव बनाते थे। विरोध करने पर मारपीट करते थे। ससुराल वालों ने कई बार मुझसे जबरन पैसे अपने खातों में ट्रांसफर कराए। मार्च, 2024 में ससुराल वालों ने मुझे घर से निकाल दिया। वकील बोले- पुलिस कमिश्रर से शिकायत, फिर भी FIR नहीं
गरिमा के वकील करीम अहमद ने बताया- पीड़िता ने फीलखाना थाने, एसीपी-डीसीपी के साथ ही पुलिस कमिश्नर से मामले में शिकायत की थी। लेकिन क्रिकेटर के रसूख के चलते एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसलिए सोमवार को गरिमा की ओर से कोर्ट में कंप्लेंट केस दाखिल किया गया है। गरिमा ने पति अमित पर 3 केस किए
पहला:
21 अप्रैल, 2025 – घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए कोर्ट केस फाइल किया था। दूसरा:
23 अप्रैल, 2025- भरण-पोषण की मांग करते हुए कोर्ट में दूसरा केस दाखिल किया। गरिमा ने अमित से गुजारे भत्ते के तौर पर 50 हजार रुपए हर महीने देने की मांग की है। साथ ही 1 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा। तीसरा:
9 मार्च, 2026- पुलिस के सुनवाई न करने और FIR न दर्ज करने पर गरिमा ने तीसरा दहेज उत्पीड़न का केस दाखिल किया। ————— ये भी पढ़ें… आशुतोष महाराज बोले-21 लाख के लिए मुझ पर हमला किया:अविमुक्तेश्वरानंद अखिलेश यादव के गुरु, मेरे पास शंकराचार्य के खिलाफ तगड़े सबूत ’21 लाख रुपए की लालच में मुझ पर हमला किया और कराया गया। मुझे कोर्ट तक पहुंचने और सबूत देने से रोकने के लिए यह साजिश रची गई।’ यह दावा जगद्गुरु रामभद्राचार्य के शिष्य आशुतोष महाराज ने किया। आशुतोष रविवार को रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जा रहे थे। सुबह करीब 5 बजे कौशांबी में सिराथू रेलवे स्टेशन के पास चलती ट्रेन में उन पर जानलेवा हमला हुआ। पूरा इंटरव्यू पढ़िए…