देशभर के साथ क्रिसमस पर्व को लेकर आगरा के चर्चों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। चर्च परिसरों को आकर्षक रूप देने का काम तेज़ी से चल रहा है। चर्च के भीतर और बाहर की जा रही सुसज्जित लाइटिंग से शाम होते ही पूरे परिसर की अलग ही छवि नजर आ रही है। चर्चों में प्रभु यीशु मसीह से जुड़े संदेश, उनकी जीवन कथा और उनके चित्र लगाए गए हैं। इन्हें इस तरह सजाया गया है कि आगंतुकों को क्रिसमस के महत्व और संदेश की स्पष्ट जानकारी मिल सके। चर्च के मुख्य हॉल, प्रवेश द्वार और प्रार्थना स्थलों को सजावटी सामग्री से सजाया गया है। क्रिसमस ट्री को रंग-बिरंगी रोशनी और सजावटी वस्तुओं से सजाया गया है। बच्चों को आकर्षित करने के लिए सांता क्लॉज की आकृतियां भी लगाई गई हैं। इसके साथ ही चर्च परिसरों में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के विभिन्न चर्चों में सजावट का कार्य लगातार जारी है। जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आ रहा है, तैयारियों में तेजी देखने को मिल रही है। क्रिसमस के अवसर पर चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।