मेरठ में मंडल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का समापन शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज में हुआ। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और मेरठ के मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में लगभग 1.50 करोड़ रुपये के स्वदेशी उत्पादों की बिक्री दर्ज की गई। सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खादी और ‘लोकल फॉर वोकल’ को बढ़ावा दे रहे हैं, और हम सभी को उनके मार्गदर्शन का पालन करना चाहिए। समापन कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इनमें एस.एस.डी. कन्या इंटर कॉलेज की नृत्य नाटिका ‘चावली देवी’, आर्य कन्या इंटर कॉलेज का ‘गांधी एक यात्रा’ कार्यक्रम और जी.एस.एफ. पब्लिक स्कूल की नाटिका ‘बेटी हिंदुस्तान की’ प्रमुख रहीं। यह मंडल स्तरीय प्रदर्शनी 25 दिसंबर से 3 जनवरी तक आयोजित की गई थी, जो सफलतापूर्वक संपन्न हुई। प्रदर्शनी में हुई 1.50 करोड़ रुपये की बिक्री ने स्वदेशी उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाया। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी ने शीतकालीन मौसम में पूरे प्रदेश और अन्य राज्यों से आए उद्यमियों, खादी संस्थाओं और पारंपरिक कारीगरों को प्रदर्शनी में सफलतापूर्वक भाग लेने और अपने उत्कृष्ट उत्पादों से इसे सुशोभित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक और प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल तथा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभाग को मार्गदर्शन प्रदान किया। परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी मान्या चतुर्वेदी ने सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी और मेयर हरिकांत अहलूवालिया को प्रदर्शनी में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराने और उद्यमियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन करने के लिए धन्यवाद दिया।