उत्तरायणी कौथिग-2026 के तहत आयोजित खेल प्रतियोगिताओं का समापन वॉलीबॉल टूर्नामेंट के साथ किया। यह टूर्नामेंट अटल बिहारी क्रीड़ा स्थल, गोमती नगर में आयोजित किया गया। हेमवती नंदन बहुगुणा मेमोरियल वॉलीबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन राजकीय होमियोपैथी मेडिकल कॉलेज के आचार्य प्रो. विजय पुष्कर ने सर्विस बॉल खेलकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को खेलों से जोड़ते हैं और उनमें अनुशासन व टीम भावना विकसित करते हैं। खेल विभाग की रैफरी साधना सिंह ने थर्ड रैफरी की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट में कई टीमों ने हिस्सा लिया नॉकआउट आधार पर आयोजित इस वॉलीबॉल टूर्नामेंट में कई टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें अटल ए, अटल बी, अटल सी, अटल डी, एस बी सिंह, के डी सिंह, तकरोही, राइजिंग स्टार, जनेश्वर, एस के पी वन, एस के पी टू, पीएसी, जीआईसी निशातगंज ए व बी, सहारा ए व बी, फ्यूजन स्पोर्ट्स बी, तबाही ब्रदर्स और चोको क्लब जैसी टीमें शामिल थीं। प्रत्येक मैच में खिलाड़ियों की चुस्ती, फुर्ती और आपसी तालमेल देखने को मिला। इस अवसर पर पर्वतीय महापरिषद के मुख्य संयोजक ठाकुर सिंह मनराल, संयोजक केएन चंदोला, महासचिव महेंद्र सिंह रावत, सलाहकार डीएस बोरा, खेल प्रभारी ख्याली सिंह और सह प्रभारी बसंत भट्ट सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और इस आयोजन की सराहना की। अभय राज सिंह और आशुतोष ने जीत दर्ज की इससे पहले, हेमवती नंदन बहुगुणा मेमोरियल बैडमिंटन युगल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया था। 51 से 60 आयु वर्ग में सुनील किमोठी और दिनेश पांडे विजेता रहे, जबकि डॉ. डीएस चौहान और डॉ. शशांक उपविजेता बने। 18 से 35 आयु वर्ग में अभय राज सिंह और आशुतोष ने जीत दर्ज की। 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में हरीश कांडपाल विजेता और उमेश खुल्बे उपविजेता रहे। 36 से 50 आयु वर्ग में प्रभाकर विश्वकर्मा और रमेश यादव विजेता बने, जबकि अमरदीप और सौरव उपविजेता रहे। 10 से 17 आयु वर्ग में आयुष किमोठी और आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अरंजय और मयंक कड़ाकोटी उपविजेता रहे।