अमरोहा के गजौरला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में बस-ट्रक मिस्त्री की जान चली गई। घटना चौपला चौकी क्षेत्र में फ्लाईओवर के सामने सर्विस रोड किनारे हुई। बताया जा रहा है कि एक खराब डंपर के अचानक स्टार्ट होकर आगे बढ़ने से खड़ी स्कूली बस हिल गई, जिसके नीचे काम कर रहे मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। बस की मरम्मत के दौरान हुआ हादसा सैफी नगर मोहल्ला निवासी अनीस बड़े वाहनों के मिस्त्री थे। वह एक दुकान पर खड़ी स्कूली बस के नीचे लेटकर मरम्मत का काम कर रहे थे। इसी दौरान पास में खड़ा एक खराब डंपर, जिसमें एक इलेक्ट्रीशियन काम कर रहा था, सेल्फ लगाने पर अचानक स्टार्ट हो गया। डंपर गियर में होने के कारण आगे बढ़ा और स्कूली बस से टकरा गया। टक्कर लगते ही बस हिल गई और उसके नीचे काम कर रहे अनीस गंभीर रूप से घायल हो गए। फल का ठेला रौंदा, बिजली के खंभे से टकराया डंपर बस को टक्कर मारने के बाद डंपर अनियंत्रित हो गया। उसने पास में खड़े एक फल के ठेले को रौंद दिया और आगे जाकर बिजली के खंभे से टकरा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डंपर में काम कर रहा इलेक्ट्रीशियन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर कब्जे में लिया, जांच शुरू हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।