गर्लफ्रेंड के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा बॉयफ्रेंड:बोला- कोई तो बुला दो उसे, आगरा में 5 घंटे बाद 40 फीट से नीचे उतरा

आगरा में गर्लफ्रेंड के लिए 60 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर युवक चढ़ गया। करीब 40 फीट ऊपर चढ़कर बोला- उसे बुलाकर लाओ। मैं उससे बहुत प्यार करता हूं। इस दौरान काफी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। इस दौरान मौके पर परिवार के लोगों को बुलाया गया। इसके बाद करीब 5 घंटे तक समझाने के बाद किसी तरह नीचे ऊतारा। इसके बाद युवक से एसडीएम पूछताछ कर रहे हैं। मामला थाना ट्रांस यमुना के शाहदारा चुंगी की है। अब पूरा मामला पढ़िए शाहदरा चुंगी में बुधवार सुबह 9 बजे एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। इसके बाद गर्लफ्रेंड को बुलाने के लिए चिल्लाने लगा। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करने लगी। युवक की पहचान बंटी पुत्र सूबेदार सिंह, निवासी मेहरी हिरन, गांव दारापुर, थाना टूंडला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक की रिश्तेदारी नगला बिहारी में है और एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते उसने यह कदम उठाया है। युवक ने 112 कंट्रोल रूम पर कॉल कर पुलिस से बातचीत भी की। बातचीत में उसने साफ कहा कि जब तक मेरी गर्लफ्रेंड नहीं आएगी तब तक मैं टावर से नीचे नहीं उतरूंगा। इसके बाद पुलिस पहुंची और करीब 5 घंटे तक चले ड्रामे के बाद दोपहर में 2 बजे युवक को नीचे उतारा गया।