झांसी में गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद एक युवक ने शुक्रवार दोपहर सुसाइड कर लिया। युवक घर में अकेला था और उसने अपने एक दोस्त के जरिए गर्लफ्रेंड को आखिरी बार मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान गर्लफ्रेंड ने आठ साल पुराने रिश्ते को खत्म करते हुए ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद वह वहां से चली गई। हालांकि, जाते समय वह अपना पर्स युवक के घर पर ही भूल गई थी। कुछ देर बाद जब गर्लफ्रेंड पर्स लेने वापस लौटी, तो उसने युवक को घर के अंदर फंदे से लटका देखा। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल युवक को फंदे से उतारा और उसके दोस्त को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दोस्त ने एंबुलेंस बुलाकर युवक को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ागांव गेट बाहर का है। अब विस्तार से पढ़िए पूरा मामला
8 साल से रिलेशनशिप में थे
मृतक का नाम तुषार पाखरे (21) पुत्र दिनेश पाखरे था। वह बड़ागांव गेट बाहर मोहल्ले में रहता था। तुषार एक फोटो स्टूडियो में काम करता था, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड ट्यूशन पढ़ाती है। तुषार की बहन पूजा ने बताया- पहले हमारा घर ओरछा गेट के पास था। वहीं पास में एक युवती रहती थी। मेरा भाई तुषार और वह युवती एक ही कोचिंग में पढ़ते थे, वहीं दोनों की पहचान हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर यह रिश्ता प्यार में बदल गया। दोनों करीब आठ साल से रिलेशनशिप में थे। मेरा भाई इस रिश्ते को लेकर बेहद गंभीर था और उसी से शादी करना चाहता था। युवती भी शादी के लिए तैयार थी। इस रिश्ते की जानकारी दोनों परिवारों को थी और हम लोग शादी के लिए भी तैयार थे। 1 साल पहले मेरा परिवार दूसरे घर में शिफ्ट हो गया
करीब एक साल पहले मां किरन और मेरा भाई तुषार दूसरे घर में शिफ्ट हो गए थे। इसके बाद युवती कहने लगी कि वहां लग्जरी लाइफ नहीं है। घर में बिजली कनेक्शन नहीं है, जबकि सोलर की सुविधा थी। इसके बावजूद वह घर अपने नाम कराने की मांग करने लगी। वह तुषार से कहती थी कि जब तक पूरा घर हमारे नाम नहीं कर दिया जाएगा और बिजली नहीं लगाई जाएगी, तब तक शादी नहीं होगी। वह कहती थी कि जैसे तुम्हारी बहन लग्जरी तरीके से रहती है, वैसे ही रहना चाहिए। उसकी कई शर्तें थीं, जिन्हें मेरा भाई मानता रहा। पहले वह शादी के लिए हां करती रही, लेकिन बाद में कहने लगी कि अब शादी नहीं करेगी। मेरे भाई ने सुसाइड कर लिया
गुरुवार को मेरी मां किरन मेरे घर आई हुई थीं। बच्चों के स्कूल में कार्यक्रम था, इसलिए उन्हें बुलाया गया था। उस समय तुषार घर पर अकेला था। इसी दौरान युवती आखिरी बार उससे बात करने के लिए घर पर आई थी। इसके बाद मेरे भाई ने सुसाइड कर लिया। युवती के साथ सख्त कार्रवाई हो
युवती ने ही मेरे भाई को नीचे उतारा और अपने एक दोस्त को कॉल किया। इसके बाद दोस्त तुषार को हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, लेकिन युवती साथ नहीं गई। वह सीधे अपने घर चली गई। हम चाहते हैं कि उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में वह किसी और रिश्ते में आए तो किसी और घर के बच्चे के साथ ऐसा न हो। वो मूव ऑन कर लेता
पता नहीं आजकल के बच्चों को क्या हो गया है। इतनी-सी बात पर कोई आत्महत्या जैसा कदम उठा लेता है क्या? वह चाहें तो आगे बढ़ सकता था, जिंदगी में मूव ऑन कर सकता था। लेकिन यह युवती उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान करती थी। वह सिर्फ मेरे भाई को ही नहीं, बल्कि मुझे और मेरी मां को भी परेशान करती थी। वह तुषार को भड़काती थी और कहती थी कि तुम्हारी मां तुम्हें छोड़कर बड़े भाई के पास चली गई है। इस बात को लेकर वह बार-बार उसे उकसाती रहती थी। मेरी मां इस रिश्ते से पहले से ही बहुत परेशान थीं। मेरे पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और अब मेरा छोटा भाई भी चला गया। ऐसे में मेरी मां पूरी तरह से टूट चुकी हैं। मां रोते हुए बोली- तूने क्या कर लिया तुषार
घटना के समय बहन पूजा बैंक के काम से घर से बाहर गई हुई थीं। इसी दौरान मां किरन के पास सूचना पहुंची कि तुषार को अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही किरन ने पूजा को मेडिकल कॉलेज भेजा। जैसे ही बेटी ने पूजा ने बताया कि तुषार की मौत हो गई तो रोने लगी। रोते हुए मां कहने लगी कि तूने क्या कर लिया तुषार? ये करने से पहले एक बार मुझे फोन क्यों नहीं किया? अब पढ़िए आखिरी मुलाकात कराने वाले दोस्त ने क्या कहा?
तुषार के दोस्त ऋषि तिवारी ने बताया- पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। युवती ने ब्रेकअप कर लिया था और साथ रहने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत मेरे जरिए ही हो रही थी। तुषार ने मुझसे कहा था कि एक बार आखिरी मुलाकात करवा दो। गुरुवार को मैंने उससे बात की तो वह मान गई और बोली कि शुक्रवार को मिलने आएगी। शुक्रवार को मैं ही युवती को लेने गया और तुषार के घर पर छोड़ दिया। इसके बाद मैं वहां से चला गया। बाद में युवती ने मुझे बताया कि उसने तुषार के साथ रहने से मना कर दिया था और घर जा रही है। इसी बीच वह अपना पर्स लेने तुषार के घर पर दोबारा लौटी तो वह फंदे पर लटका हुआ मिला। युवती ने ही तुषार को फंदे से नीचे उतारा और इसके बाद मुझे कॉल किया। सूचना मिलते ही मैं अपने दोस्तों के साथ मौके पर पहुंचा। इसके बाद तुषार को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 भाई-बहनों में सबसे छोटा था तुषार
तुषार तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी सबसे बड़ी बहन पूजा और बड़े भाई आशू की शादी हो चुकी है। बहन पूजा प्रेमनगर क्षेत्र में रहती हैं, जबकि भाई आशू अपने परिवार के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करता है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बहन पूजा ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और पूरे मामले से कोतवाली थाना को अवगत कराया गया। ——————– ये भी पढ़ें- गोरखपुर में गर्लफ्रेंड की हत्या, अयोध्या में मुंडवाया सिर:स्नान के बाद पत्नी के साथ पूजा-पाठ की, मर्डर से पहले तीनों एक होटल में रुके थे
गोरखपुर के पीपीगंज में 29 जनवरी की रात मुंबई की प्रिया शेट्टी (35) की बॉयफ्रेंड विजय साहनी ने पत्नी संध्या के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इसके बाद वह पत्नी के साथ रात में ही अयोध्या पहुंचा। अयोध्या में सुबह-सुबह उसने बाल मुंडवाये। नहाने के बाद उसने कपड़े बदले। पत्नी संध्या ने भी अपने कपड़े चेंज किए। फिर पूजा-पाठ करके दोनों गोरखपुर के पीपीगंज अपनी ससुराल आ गए। सोमवार को विजय साहनी, उसकी पत्नी संध्या और संध्या के पिता को पुलिस ने यहीं से अरेस्ट कर लिया। पढ़िए पूरी खबर…