गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के मोहनगर चौराहे के पास लोनी रोड पर मौजूद औद्योगिक क्षेत्र के हर्षा कंपाउंड में मंगलवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। फैक्ट्री से उठती लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। बताया जा रहा है कि आग एएमएक्स मेडिकल सिस्टम नामक केमिकल फैक्ट्री में लगी। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सात फायर टेंडर मौके पर भेजे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। 10 दमकल की गाड़िया मौके पर बुलाई गई। उसके बाद कई बार निगम के पंप से गाड़ियों को रिफिल कराया गया। फैक्ट्री की बाउंड्री वॉल तोड़ कर पानी की लाइन को अंदर ले जाया गया। फैक्ट्री में एक्सरे मशीन और दूसरी मेडिकल से संबंधित उपकरण बनाए जाते हैं। आग पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा रहा।