गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्थित एक चिकन प्वाइंट पर ग्राहकों को थूक लगाकर रोटियां परोसने का मामला सामने आया है। इस घटना का खुलासा एक वीडियो से हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की। यह घटना 19 जनवरी की रात कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम में हुई। स्थानीय लोगों ने चिकन प्वाइंट पर काम कर रहे कारीगर फैजान को रोटियां बनाते समय उन पर थूकते हुए देखा। थूक लगी रोटियां सीधे ग्राहकों को परोसी जा रही थीं। लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाया और पुलिस को सूचना दी। यह चिकन प्वाइंट एक प्राचीन शिव मंदिर के पास स्थित है। मंदिर के पुजारी आचार्य शिवाकांत पांडेय ने पुलिस को लिखित शिकायत दी। उन्होंने अपनी शिकायत में इसे धार्मिक भावनाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गंभीर हरकत बताया। पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर आरोपी कारीगर फैजान और चिकन प्वाइंट के संचालक अमजद को हिरासत में लिया। दोनों आरोपी हापुड़ जनपद के धौलाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संचालक को कारीगर की इस हरकत की जानकारी थी। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संक्रमण फैलाने, धार्मिक उन्माद भड़काने और सार्वजनिक स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।