गाजियाबाद में चलती कार में लगी आग:5 मिनट में जलकर खाक, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान; सड़क पर ही मचा हड़कंप

गाजियाबाद में शनिवार देर शाम एक चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में कार आग का गोला बन गई। हालांकि, ड्राइवर ने समय रहते कार से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि कुछ लोग जलती हुई कार का वीडियो बनाने लगे। ड्राइवर ने तुरंत आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। यह घटना मेरठ मार्ग पर दुहाई के पास हुई। बीच सड़क पर आग का गोला बनी कार
यह घटना शनिवार रात लगभग 8 बजे की है। दिल्ली- मेरठ मार्ग पर गाजियाबाद की तरफ आ रही एक कार दुहाई के पास पहुंची ही थी कि उसके अगले हिस्से से अचानक धुआं उठना शुरू हो गया। कुछ ही देर में आग की लपटें फैल गईं और कार विकराल रूप में जलने लगी। आग लगते ही कार चालक ने तुरंत छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सड़क के बीचों-बीच आग में घिरी कार को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने बताया कि कार में चालक समेत दो लोग सवार थे और दोनों सुरक्षित हैं।