गाजीपुर पुलिस की हिरासत से आरोपी फरार:न्यायालय से जेल ले जाते समय भागा, तलाश में दबिश

गाजीपुर जिले में एक शातिर चोर बाबूलाल मौर्य पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। यह घटना शनिवार को तब हुई जब उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल ले जाया जा रहा था। इस फरारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर ने घटना की पुष्टि की है। बाबूलाल मौर्य (निवासी बंका, थाना कासिमाबाद) और पुनीत राय (निवासी शेरपुर कला, थाना भांवरकोल) को मरदह और कासिमाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया था। कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि के अनुसार, ये दोनों अभियुक्त क्षेत्र में चोरी और लूट की कई घटनाओं में सक्रिय थे और पुलिस को इनकी लंबे समय से तलाश थी। इनकी गिरफ्तारी कासिमाबाद थाना क्षेत्र के वेदबिहारी–भड़सर मार्ग पर हुई। यहां चौरा गांव निवासी राजन से बाइक सवार आरोपियों ने बैग छीनने का प्रयास किया था। घटना की सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर गांव के ग्रामीणों ने सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और मरदह पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर 32 बोर का रिवाल्वर, चोरी की तीन मोटरसाइकिलें, दो मोबाइल फोन तथा चांदी और सोने के आभूषण बरामद किए। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बाबूलाल मौर्य पर पहले से छह और पुनीत राय पर दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। शनिवार को दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया था। हालांकि, बाबूलाल मौर्य की पुलिस अभिरक्षा से फरारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।