गुरुग्राम के भीमसेना प्रमुख पर फायरिंग:गाड़ी के शीशे टूटे, लॉरेंस गैंग से मिल चुकी धमकी; सपना चौधरी पर FIR से चर्चा में आए थे

गुरुग्राम में रहने वाले भीमसेना प्रमुख और संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) के सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर पर देर रात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। वे गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश के देवबंद गए थे। जहां उनकी कार पर हमला हुआ, जिससे कार के शीशे टूट गए। गोलीबारी के बाद सतपाल चोटिल होने के बाद बेहोश हो गए। घटना के तुरंत बाद उन्हें देवबंद के शिफा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी जांच की गई। उसके बाद सरकारी अस्पताल में पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। उनके हाथ और गले पर कांच लगने के निशान लगे हैं। हालांकि, उन्हें गोली नहीं लगी। उधर, भीमसेना के समर्थकों ने देवबंद अस्पताल के बाहर रात में जुटना शुरू हो गए और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि सतपाल तंवर हरियाणवी सिंगर सपना चौधरी के विवादित गाने को लेकर FIR करवाने पर चर्चा में आए थे। वहीं, उन्हें गैंगस्टर लॉरेंस के गैंग की तरफ से भी धमकियां मिल चुकी हैं। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… सपना चौधरी पर करवा चुके FIR सतपाल तंवर पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं और कई बार विवादों में भी घिरे हैं। वो सपना चौधरी पर एफआईआर करने के बाद सुर्खियों में आए थे। 9 साल पहले के केस में उन्होंने आरोप लगाया था कि सपना ने जो रागिनी गाई थी, उसमें दलितों को टारगेट बनाया गया था। दलितों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने सपना के खिलाफ मामला दर्ज कराया। सपना ने बाद में सुसाइड की कोशिश की थी 36 जातियों पर आधारित हरियाणवी सॉन्ग को लेकर विवाद के बाद सिंगर सपना ने सुसाइड की कोशिश की थी। उसने सुसाइड नोट भी लिखा और गुड़गांव के नवाब सतपाल तंवर पर इसका जिम्मेदार ठहराया। सपना ने लिखा था- मैं कलाकार हूं, मुझे पता नहीं था कि जातिवाद पर शब्द का प्रयोग करना जुर्म है। ये गाना दूसरों ने भी गाया था। अगर मुझसे पहले गाने वालों पर केस दर्ज हुआ होता तो मैं भी ना गाती। मेरी रागनी सुनकर सतपाल तंवर ने मुझ पर एससी-एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करवा दी। मैंने सोशल मीडिया में माफी भी मांगी। कुछ न मुझे माफ कर दिया, लेकिन इस इंसान ने मुझ माफ करना तो दूर मेरे चरित्र के बारे में भी गलत-गलत बातों का प्रयोग किया और अपनी फेसबुक आईडी पर बहुत ही अश्लील शब्दों का प्रयोग मेरे बारे में किया। मुझे नचनिया, वेश्या बोला। इसने हरियाणा को बदनाम कर दिया। भीम सेना की हमलावरों को पकड़ने की मांग भीमसेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घटना पर गहरा आक्रोश जताया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि सतपाल तंवर को कुछ हुआ, तो उत्तर प्रदेश में धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने हमलावरों को पकड़ने और उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। लॉरेंस बिश्नोई से मिल चुकी धमकी सतपाल को कई बार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अभी हुए हमले के पीछे किसी संगठित गिरोह या व्यक्ति का नाम सामने नहीं आया है। फॉरेंसिक टीम ने कार के शीशे और आसपास के इलाके से सबूत जुटाए हैं। यूपी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है।