ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा 2 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। राहुल, मनोज और जाकिर नामक इन आरोपियों को आशियाना गोलचक्कर, गामा-1 से पकड़ा गया। ये लग्जरी गाड़ियों के टायर चोरी करने की वारदातों को अंजाम देते थे। बीटा 2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि यह एक सक्रिय गिरोह है, जिसका सरगना अंकित है। गिरोह के सदस्यों में राहुल, मनोज, मनीष कुमार और हर्ष उपाध्याय शामिल हैं। जाकिर चोरी का माल खरीदने वाला दुकानदार है। आरोपी रेकी कर लग्जरी वाहनों के टायर चोरी करते थे और उन्हें बेचकर अवैध धन कमाते थे। पुलिस ने पहले भी इन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। तब उनके पास से चोरी के लगभग 30 टायर मय रिम और बेची गई टायरों से मिली धनराशि बरामद हुई थी। इसी संबंध में थाना बीटा 2 पर उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पकड़े गए तीनों आरोपी तभी से फरार चल रहे थे। आज मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने उन्हें दोबारा गिरफ्तार कर लिया।