77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोरक्षनाथ युवा वाहिनी ने कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन चौपटिया स्थित गोरक्षनाथ मंदिर (बाबा कुटिया) परिसर में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के महंत योगी राकेशनाथ द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। ध्वज फहराते ही उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर संविधान और देश की एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ध्वजारोहण के बाद मंदिर परिसर स्थित दिलाराम बारादरी से एक भव्य जुलूस निकाला गया। यह रैली निवाजगंज, ठाकुरगंज, कोनेश्वर, घंटाघर और रूमीगेट होते हुए चौक पहुंची। इसके बाद जुलूस सराय माली खां और चौपटिया मार्ग से होते हुए पुनः गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारे गूंजते रहे। मूल्य कर्तव्यों की याद दिलाता है गणतंत्र दिवस महंत योगी राकेशनाथ ने इस अवसर पर कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने युवाओं से देशहित में आगे आकर सेवा और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक तहरी भोज के साथ हुआ, जिसका सभी उपस्थित लोगों ने आनंद लिया। इस अवसर पर बाबा महादेव शर्मा, दिलीप साहू, मनोज वर्मा, रामू शर्मा, आयुष शर्मा, अर्जुन गुप्ता, सुधीर सिंह, ऋतिक, श्याम निषाद, सागर शर्मा, उमेश सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु मौजूद रहे।