गोरखपुर में गैर संचारी रोगों की पहचान और उपचार के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके तहत जिले के 20.29 लाख लोगों की बीपी, शुगर, कैंसर समेत अन्य गैर संचारी बीमारियों की जांच की जाएगी। अभियान का शुभारंभ CMO डॉ राजेश झा ने गोरखनाथ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से किया। सीएमओ ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य 30 साल से अधिक उम्र के प्रत्येक व्यक्ति की कम से कम एक बार स्क्रीनिंग सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से बीमारी की पहचान आसान होती है और इलाज भी प्रभावी रहता है। 28 फरवरी तक चलेगा अभियान यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी और नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर जाकर जांच कराने के लिए प्रेरित करेंगी। स्क्रीनिंग के बाद जोखिम श्रेणी में आने वाले लोगों की प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत जांच कराई जाएगी। जिन लोगों में गैर संचारी रोग की पुष्टि होगी, उनका इलाज चिकित्सा अधिकारी की देखरेख में किया जाएगा। अग्रिम पंक्ति की कार्यकर्ता सी-बैक फार्म के माध्यम से रिस्क असेसमेंट करेंगी। ई-कवच पोर्टल पर फीड होगा पूरा डेटा सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान सभी विवरण ई-कवच पोर्टल पर फीड किए जाएंगे। इससे मरीजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और आगे के उपचार में सुविधा होगी। सभी ब्लॉकों और शहरी क्षेत्रों को निर्देश दिए गए हैं कि जांच से जुड़े उपकरणों, दवाओं और रिएजेंट की उपलब्धता में कोई कमी न रहने दी जाए, ताकि अभियान सुचारू रूप से चल सके। अभियान के शुभारंभ अवसर पर एसीएमओ डॉ एके चौधरी, चिकित्सा अधिकारी डॉ पूर्णिमा यादव, डीपीएम पंकज आनंद, डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय और शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के समन्वयक सुरेश सिंह चौहान सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।