गोरखपुर में किसानों को सोलर ऊर्जा से सिंचाई की सुविधा देने हेतु पीएम कुसुम योजना चल रही है। जिले को इस योजना में 437 सोलर पंप का लक्ष्य मिला है, लेकिन निर्धारित समय सीमा समाप्त होने में अब कम दिन बचे होने के बावजूद आवेदन संख्या काफी कम है। कृषि विभाग के अनुसार 15 दिसम्बर आवेदन की अंतिम तिथि है, जबकि अब तक सिर्फ 12 किसानों ने ही आवेदन किया है। विभाग किसानों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील कर रहा है। ऑनलाइन आवेदन + 5000 रुपए टोकन मनी है जरूरी किसान www.agriculture.up.gov.in पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। योजना हेतु आवेदन के समय 5000 रुपए टोकन धनराशि जमा करनी अनिवार्य होगी। योजना के अंतर्गत किसानों को कुल 9 श्रेणियों के सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिन पर केंद्र व राज्य सरकार दोनों स्तर से भारी अनुदान मिल रहा है। जानें! किस-किस पंप पर कितनी सब्सिडी मिलेगी? • 2 एचपी डीसी/एसी सरफेस पंप पर राज्य से 56737 और केंद्र से 41856 रुपए अनुदान • 2 एचपी डीसी सबमर्सिबल पंप — 1,00,215 रुपए • 02 एचपी एसी सबमर्सिबल — 99,947 रुपए • 03 एचपी डीसी सबमर्सिबल — 1,33,621 रुपए • 03 एचपी एसी सबमर्सिबल — 1,32,314 रुपए • 05 एचपी एसी सबमर्सिबल — 1,88,038 रुपए • 07.5 व 10 एचपी सबमर्सिबल — 2,54,983 रुपए तक अनुदान बोरिंग का माप अनिवार्य उप कृषि निदेशक डॉ. धनंजय सिंह ने बताया कि 2 एचपी पंप के लिए 4 इंच, 3 व 5 एचपी के लिए 6 इंच तथा 7.5 व 10 एचपी पंप के लिए 8 इंच की बोरिंग जरूरी है। यह बोरिंग किसान को स्वयं करानी होगी। सत्यापन के दौरान बोरिंग पूर्ण न मिलने पर टोकन मनी जब्त होने के साथ आवेदन निरस्त भी किया जा सकता है। जलस्तर के आधार पर पंप का चयन कैसे करें? • 22 फीट तक – 2 एचपी सरफेस
• 50 फीट तक – 2 एचपी सबमर्सिबल
• 150 फीट तक – 3 एचपी सबमर्सिबल
• 200 फीट तक – 5 एचपी सबमर्सिबल
• 300 फीट तक – 7.5 व 10 एचपी सबमर्सिबल पंप उपयुक्त पोर्टल पर अधिकतम लक्ष्य 2 एचपी व 3 एचपी श्रेणी का है। किसान अपनी जरूरत, खेत के जलस्तर और सिंचाई क्षमता को ध्यान में रखकर सोलर पंप का विकल्प चुन सकते हैं।