गोरखपुर में मोबाइल रखने पर पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद घर के पीछे जमीन में 6 फीट गहरा गड्ढा खोदकर डेडबॉडी को दफना दिया। 4 दिन तक महिला का पता न चलने पर उसके ससुर थाने पहुंचे। उन्होंने अपने ही बेटे के खिलाफ शिकायत दी। कहा- मेरे बेटे ने बहू की हत्या कर लाश को कहीं फेंक दिया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उससे पूछताछ की। तब उसने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया- मेरी पत्नी बिना बताए मोबाइल रखती थी और चोरी-छुपे अपने बॉयफ्रेंड से बात करती थी। इसलिए 21 दिसंबर को मैंने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। फिर गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने गुरुवार को गड्ढा खोदकर डेडबॉडी निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना बेलघाट थाना क्षेत्र की है। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला लुधियाना से 15 दिन पहले घर आया था आरोपी पति
बेलघाट के बेईली कुंड निवासी अर्जुन पुत्र श्याम नारायण लुधियाना में मजदूरी करता है। 21 दिसंबर को उसने अपनी 25 वर्षीय पत्नी खुशबू की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पिछले हिस्से में छह फीट गहरा गड्ढा खोदा। फिर उसमें डेडबॉडी को दफना दिया। अर्जुन ने अपने पिता और अन्य घरवालों को बताया कि खुशबू बिना बताए घर से कहीं चली गई है। खुशबू के मायके और ससुराल वाले उसे खोजते रहे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अर्जुन के पिता श्याम नारायण बेलघाट पुलिस थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मेरी बहू पिछले 4 दिन से गायब है। वह मिल नहीं रही है। मुझे शक है कि मेरे बेटे ने ही उसे मार डाला है। 2 घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा आरोपी पुलिस घर पहुंची और जांच की। फिर पुलिस ने अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि मैं और मेरी पत्नी घर पर अकेले थे। उसने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। मैंने उसका शव नदी में बहा दिया है। पुलिस ने कहा- उस नदी के पास ले चलो। आरोपी पुलिस को गांव के बाहर एक नदी के किनारे लेकर पहुंचा। पुलिस ने पूछा कि नदी में कहां पर खुशबू का शव फेंका, वह जगह बताओ। यहां करीब 2 घंटे तक आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा। शक होने पर पुलिस ने उसे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। पहले झगड़ा हुआ फिर मैंने उसे मार दिया
उसने बताया कि मैं 17 नवंबर को लुधियाना से घर आया था। इस दौरान मैंने देखा कि खुशबू के पास एक मोबाइल है। इसके बारे में उसने मुझे नहीं बताया था। वह मोबाइल मुझसे छिपाकर रखती थी। इसी को लेकर मेरा उसका 21 दिसंबर की रात करीब 11 बजे झगड़ा हुआ। घर में मैं और मेरी पत्नी ही थी। मैंने उसे गला दबाकर मार दिया। फिर दफना दिया। पुलिस ने दोपहर करीब 3 बजे खुदाई कराई तो अंदर लाश मिली। 2 साल पहले शादी हुई थी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध संबंधों के शक में आरोपी पति ने पत्नी की हत्या की है। करीब 2 साल पहले उसकी शादी हुई थी। अभी कोई बच्चा नहीं है। महिला के मां-बाप का निधन हो चुका है। बहन की हत्या की सूचना पर भाई और मायके के अन्य लोग थाने पहुंच गए हैं। एसएसपी राजकरन नय्यर ने बताया कि खुशबू के छोटे भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा लिखा गया है। …………………. ये खबर भी पढ़िए- यूपी में गर्लफ्रेंड की हत्याकर प्रेमी ने जान दी:प्रेमिका के सिर में गोली मारी, 30 मिनट बाद खुद फंदे पर लटका बागपत में प्रेमिका की हत्या करके प्रेमी ने जान दे दी। उसने प्रेमिका के सिर में गोली मारी। बुलेट कनपटी को चीरते हुए निकल गई। थोड़ी देर में उसकी मौत हो गई। यह देखकर प्रेमी भागकर घर पहुंचा। पकड़े जाने के डर से 30 मिनट बाद घर के आंगन में नीम के पेड़ पर फांसी लगा ली। पढ़िए पूरी खबर….