गोरखपुर में सोमवार को कई इलाकों में रहेगा शटडाउन:विष्णुमंदिर फीडर की सप्लाई 11 से 4 तक रहेगी बंद, उपभोक्ताओं से सहयोग की है अपील

गोरखपुर में शाहपुर सब स्टेशन के विष्णुमंदिर फीडर पर कल यानी सोमवार को नियोजित अनुरक्षण एवं रख-रखाव कार्य किया जाएगा। विभाग के अनुसार विशाल शामियाना हाउस से लिटिल फ्लावर स्कूल चौराहे तक निर्धारित कार्य क्षेत्र में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उक्त क्षेत्र में विद्युत लाइन सुधार, पुराने एवं ढीले कनेक्शन की जांच, पोल एवं उपकरणों का रख-रखाव और सुरक्षा उपायों से संबंधित कार्य किए जाएंगे। इस नियोजित बंदी का उद्देश्य आपूर्ति व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, स्थिर और व्यवस्थित बनाना है। प्रभावित क्षेत्र की स्थिति बिजली बंदी से विशाल शामियाना हाउस से लेकर लिटिल फ्लावर चौराहे तक का सम्पूर्ण इलाका प्रभावित रहेगा। विभाग ने यह भी संकेत दिया कि आवश्यकता पड़ने पर कार्य क्षेत्र के आसपास के हिस्सों में भी सप्लाई अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती है। विभाग ने सम्मानित उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि नियोजित बंदी के मद्देनज़र जल एवं अन्य उपयोगी व्यवस्थाएं सुबह ही सुनिश्चित कर लें, ताकि बंदी अवधि में कोई असुविधा न हो। विभाग ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य आपूर्ति गुणवत्ता के सुधार हेतु अनिवार्य है। अनुरक्षण पूर्ण होने के बाद सप्लाई को तत्काल बहाल करने का दावा किया गया है। उपभोक्ता किसी भी सहायता, शिकायत या सूचना के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।