गोरखपुर में 2000 से अधिक मरीजों का मुफ्त इलाज:राजेश सिंह दयाल फाउंडेशन ने लगाया विशाल शिविर, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं

गोरखपुर में पिपिगंज इलाके के भरोहिया, कनापार स्थित गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ परिसर में राजेश सिंह दयाल फ़ाउंडेशन की ओर से निःशुल्क विशाल चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब दो हजार मरीजों ने निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जांच और दवाइयों की सुविधा ली। कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह से ही पंजीकरण शुरू हो गया था और बड़ी संख्या में ग्रामीण इलाकों से लोग इलाज के लिए पहुंचे। मरीजों की सुविधा को देखते हुए फ़ाउंडेशन की ओर से बसों की व्यवस्था की गई, जिससे आसपास के गांवों और दूर-दराज़ के क्षेत्रों से आने वाले जरूरतमंद लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो। शिविर में श्री गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने न्यूरोलॉजी, बाल रोग, स्त्री रोग, फेफड़ा रोग, हड्डी रोग, नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन और कैंसर से संबंधित परामर्श व उपचार किया। शिविर में स्तन कैंसर सहित अन्य कैंसर जांच, ऑन-द-स्पॉट टेस्टिंग सेंटर और निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। गंभीर मरीज गोरक्षनाथ चिकित्सालय रेफर
जांच के दौरान जिन मरीजों में गंभीर बीमारी पाई गई, उन्हें आगे के इलाज के लिए श्री गोरक्षनाथ चिकित्सालय रेफर किया गया, ताकि समय पर बेहतर और उन्नत उपचार मिल सके। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने देखा। जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी कार्यक्रम में कैंपियरगंज विधायक फतेहबहादुर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह, पिपिगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा और दीपक सिंह मौजूद रहे। राजेश सिंह दयाल ने कहा कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका उद्देश्य है और भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस जनसेवा अभियान में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गोरक्षनाथ मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर के प्रति आभार जताया।