गोरखपुर में BPHU भवन का हुआ उद्घाटन:ब्लॉक स्तर पर जांच और स्वास्थ्य सेवाएं होंगी मजबूत, निगरानी और लैब सुविधा होगी उपलब्ध

गोरखपुर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) के नव निर्मित भवन का उद्घाटन विधायक प्रदीप शुक्ला ने किया। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश झा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार चौधरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली के अधीक्षक डॉ. सतीश सिंह, डीपीएम पंकज आनंद, मातृ स्वास्थ्य से सूर्य प्रकाश मौर्य, भाजपा पदाधिकारी, चिकित्सा कर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सम्यक कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से गर्भग्रीवा और बच्चों की आंखों की जांच हेतु आधुनिक मशीनें उपलब्ध कराई गईं। यह सुविधा आकांक्षी नगर योजना के अंतर्गत है, जिसका उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करना है। नारी आरोग्यम और सुनेत्रम कार्यक्रम के माध्यम से लक्ष्यित जांच गर्भग्रीवा कैंसर की शुरुआती पहचान हेतु नारी आरोग्यम कार्यक्रम और बच्चों में नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच हेतु सुनेत्रम कार्यक्रम लागू किया गया है। इन सुविधाओं से कैंसर और नेत्र रोग संबंधी मामलों में समय रहते निदान संभव होगा। BPHU ‘प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन’ के तहत विकसित किया जा रहा है। मिशन का लक्ष्य ग्रामीण व ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाना, संक्रामक रोगों की पहचान और प्रबंधन में दक्षता बढ़ाना और जांच सेवाओं की उपलब्धता में सुधार करना है। BPHU को संक्रामक रोगों की पहचान, निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी डेटा प्रबंधन के लिए केंद्रीकृत इकाई के रूप में संचालित किया जाएगा। इकाई IHIP पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम रोग निगरानी और रिपोर्टिंग करने में सक्षम होगी, जिससे स्वास्थ्य प्रतिक्रिया तेज होगी। ब्लॉक लैब में एचआईवी, टीबी, मलेरिया और अन्य संक्रामक रोगों की जांच की सुविधा उपलब्ध है। इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में परीक्षण की पहुंच बढ़ेगी और मरीजों को उच्च स्तरीय जांच के लिए शहर पर निर्भरता कम होगी। BPHU ब्लॉक स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी और समन्वय को मजबूत करेगी। इससे विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बीच तालमेल सुधरेगा और संसाधनों का उपयोग व्यवस्थित रूप से हो सकेगा।