गोरखपुर में SSB अंतर-सीमांत क्रिकेट में सिलीगुड़ी ने जीता मैच:3 विकेट से तेजपुर को हराया, फाइनल में ट्रॉफी अपने नाम की

गोरखपुर में सशस्त्र सीमा बल, सेक्टर मुख्यालय गोरखपुर के तत्वावधान में आयोजित अंतर-सीमांत क्रिकेट प्रतियोगिता–2026 का समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न सीमांत मुख्यालयों के साथ बल मुख्यालय नई दिल्ली की टीम ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों के बीच खेल भावना और आपसी समन्वय को बढ़ाना रहा। फाइनल में सिलीगुड़ी सीमांत मुख्यालय की टीम ने तेजपुर सीमांत मुख्यालय को तीन विकेट से पराजित किया। तेजपुर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए, जिसका पीछा सिलीगुड़ी ने तीन विकेट शेष रहते पूरा किया। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में सिलीगुड़ी की टीम का प्रदर्शन संतुलित रहा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री गजेंद्र नाथ तिवारी, सीनियर डायरेक्टर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन एवं सचिव, मंडल क्रिकेट एसोसिएशन गोरखपुर उपस्थित रहे। सशस्त्र सीमा बल की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। औपचारिक समापन के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा खिलाड़ियों को मेडल और विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान जवानों ने फिटनेस, टीम वर्क और अनुशासन का प्रभावी प्रदर्शन किया। अधिकारियों के अनुसार ऐसे आयोजन बल के भीतर आत्मविश्वास और तालमेल को मजबूत करते हैं। अधिकारियों ने भविष्य में भी इसी स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, ताकि प्रशिक्षण के साथ युवा जवानों को प्रतिस्पर्धी वातावरण मिलता रहे।