देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी ने रविवार को मिर्जापुर जिले के ददरी खुर्द गांव में निर्माणाधीन 1600 मेगावाट के थर्मल पावर प्लांट का शुभारंभ किया। उन्होंने इस परियोजना की प्रगति का जायजा लिया, जो उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा निजी ताप विद्युत संयंत्र बनने जा रहा है।अडानी ने साइट पर पहुंचकर कार्य की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पावर प्लांट परिसर में पौधारोपण भी किया।यह परियोजना 1600 मेगावाट (2×800 मेगावाट) की क्षमता वाली है। इसमें से 1500 मेगावाट बिजली उत्तर प्रदेश सरकार को 25 साल की अवधि के लिए 5.38 रुपये प्रति यूनिट की दर से उपलब्ध कराई जाएगी।इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है। निर्माण चरण के दौरान लगभग 8,000 से 9,000 लोगों को अस्थायी रोजगार मिलेगा, जबकि संचालन शुरू होने के बाद लगभग 2,000 लोगों को स्थायी रोजगार प्राप्त होगा।प्लांट में आधुनिक अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल टेक्नोलॉजी का उपयोग किया जा रहा है। यह तकनीक ईंधन की खपत को कम करने और प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करने में सहायक होगी। परियोजना को पर्यावरण मंत्रालय (MoEFCC) से अंतिम पर्यावरण मंजूरी (EC) भी मिल चुकी है।इस अवसर पर अध्यक्ष नरेश गोयल, अरुण प्रसाद, एचआर हेड पुष्पेन्द्र टोगरीया, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमोद पाठक, पवन सिंह और अरुण दुबे सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।