गौरा रेलवे स्टेशन पर शॉर्ट-सर्किट,डेढ़ घंटे बाधित रहा रेल यातायात:एकीकृत पावर प्रणाली के इनवर्टर में फाल्ट से विद्युत सप्लाई बाधित

प्रतापगढ़ के गौरा रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम एकीकृत पावर प्रणाली में शॉर्ट सर्किट हो जाने के कारण करीब डेढ़ घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह बाधित रहा। इनवर्टर में खराबी आने से पावर रूम में धुआं उठने लगा और हूटर बज उठा। जिसके बाद एहतियातन स्टेशन की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई। घटना सोमवार शाम लगभग 6:10 बजे की है। जब गौरा रेलवे स्टेशन की एकीकृत पावर प्रणाली में लगे इनवर्टर में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। उस समय ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर उपेंद्र पांडेय और स्टेशन अधीक्षक अमलेश कुमार ने स्थिति का तत्काल निरीक्षण किया। पावर रूम से धुआं उठता देख सुरक्षा कारणों से हूटर बजाया गया। स्टेशन की विद्युत आपूर्ति बंद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्टेशन की विद्युत आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। इसकी सूचना फायर ब्रिगेड, रेलवे कंट्रोल रूम और उच्च तकनीकी अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तकनीकी टीम स्टेशन पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। तकनीकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद इनवर्टर में आई खराबी को दूर किया। सुरक्षा कारणों से शाम 6:10 बजे से गौरा रेलवे स्टेशन से ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था, जो रात करीब 7:40 बजे बहाल हो सका। इस दौरान कुल लगभग डेढ़ घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा। इस तकनीकी खराबी के चलते प्रतापगढ़-वाराणसी पैसेंजर, जौनपुर-रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस और वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रोका गया। सूचना पर आरपीएफ टीम भी मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच के बाद वापस लौट गई। स्टेशन अधीक्षक अमलेश कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसे समय रहते ठीक कर लिया गया। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्टेशन पर रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।