बागपत में मंगलवार को ग्राहक बुलाने को लेकर शुरू हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो दुकानदारों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। जिसमें कपड़े विक्रेता हारून (53) की मौत हो गई। विवाद में दोनों पक्षों के 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घटना बड़ौत कोतवाली क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने हारून के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हारून और पास की एक दुकान के व्यापारी के बीच ग्राहक को अपनी दुकान पर खींचने को लेकर पहले कहासुनी हुई थी। मामूली विवाद थोड़ी ही देर में मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। एडिशनल एसपी प्रवीण सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और पूरी घटना का निरीक्षण किया। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।