ग्रेटर नोएडा:बहू पर 1.19 करोड़ के गहने हड़पने का आरोप:कोर्ट के आदेश पर बहू समेत 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज

ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र में एक सास ने अपनी बहू पर करीब 1.19 करोड़ रुपये के कीमती गहने और सामान लेकर विदेश चले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में अब कोर्ट के आदेश के बाद बीटा 2 थाने में बहू, उसके माता-पिता और अन्य परिजनों सहित कुल सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अल्फा 2 सेक्टर निवासी शिखा उपाध्याय ने अदालत में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके बेटे अभिषेक की शादी 20 फरवरी 2023 को हरियाणा के करनाल जिले के सूरजनगर निवासी जयवीर सिंह की बेटी शिखा से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, शादी पूरी तरह दहेज रहित थी, लेकिन इसके बावजूद बहू और उसके मायके वालों ने दबाव बनाकर शादी के समय बड़ी मात्रा में गहने चढ़वाए थे। शिकायत में कहा गया है कि शादी के दौरान बहू के पक्ष ने लगभग 670 ग्राम सोने और करीब चार किलो चांदी के गहने लिए थे। इसके अलावा, अन्य कीमती जेवर और सामान भी बहू के पास था। पीड़िता के पति संजीव कुमार की ज्वेलरी की दुकान है, जिसके कारण घर में पहले से भी आभूषण मौजूद थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद बहू का व्यवहार बदलने लगा। जब उससे घरेलू काम करने को कहा गया, तो वह कहती थी कि वह नौकरानी बनने नहीं आई है, बल्कि विदेश जाकर नौकरी करेगी। इसी दौरान घर में तनाव बढ़ने लगा। उनके अनुसार, 29 मई 2023 को बहू गहने और अन्य कीमती सामान लेकर मायके चली गई। काफी मनाने और पंचायतों के बाद करीब दो साल बाद 29 मई 2025 को बहू दोबारा ससुराल लौटी, लेकिन इस बार वह गहने साथ नहीं लाई थी। इसके बाद भी बहू का व्यवहार ठीक नहीं हुआ। 27 जुलाई 2025 को बहू घर पर अकेली थी। उसी दौरान उसने अपने परिजनों को बुलाया और घर में रखे शेष गहनों और सामान को लेकर चली गई। विवाद और गहनों के न मिलने से परेशान सास ने कोर्ट में वाद दायर कर न्याय की गुहार लगाई। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए बीटा 2 कोतवाली पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।