ग्रेटर नोएडा में ‘बंटी-बबली’ गिरफ्तार:फर्जी हॉलमार्क वाली नकली ज्वेलरी से ठगी करते थे

ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस ने फर्जी हॉलमार्क वाली नकली ज्वेलरी से धोखाधड़ी करने वाले ‘बंटी और बबली’ को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चार नकली चूड़ियां (बेंगल) जिन पर फर्जी हॉलमार्क खुदे थे, 1,32,230 रुपये नकद और एक बिना नंबर प्लेट की टाटा सेरा कार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक चौहान निवासी पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट, सेक्टर जीटा-1, ग्रेटर नोएडा और सानिया उर्फ सोनिया निवासी मोहल्ला अंसारियान, थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर (वर्तमान पता बी-2, 601 डिजाइनआर्च सोसाइटी, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें थाना बीटा-2 क्षेत्र के गामा-2 ग्रीन बेल्ट से पकड़ा। बीटा-2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि दीपक और सानिया उर्फ सोनिया लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हैं। करीब डेढ़ साल पहले इनकी मुलाकात एक प्रॉपर्टी ऑफिस में हुई थी, जहां वे दोनों काम करते थे। इसके बाद उन्होंने मिलकर धोखाधड़ी का यह धंधा शुरू किया। धोखाधड़ी के लिए ये लोग पहले ज्वेलर्स की दुकान पर जाते थे और वहां से असली ज्वेलरी लेते थे। फिर उसी तरह की नकली ज्वेलरी तैयार करवाते थे, जिस पर फर्जी होलोग्राम भी लगा दिया जाता था। बाद में वे दोबारा उसी ज्वेलर के पास जाकर कहते थे कि उन्हें इससे बड़ा साइज या थोड़ी अलग ज्वेलरी चाहिए। इसी बहाने वे नकली जेवरात उन्हें देकर असली ले लेते थे। इसी तरीके से इन्होंने दीपावली पर जगत फार्म में एक घटना को अंजाम दिया था, जिसमें पीड़ित को करीब 5 लाख रुपये का चूना लगाया गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से इन्हें गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इन्होंने कुछ समय पहले हरिद्वार में भी दो घटनाओं को अंजाम दिया था और इनसे अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।