ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा गार्डों ने निवासियों को पीटा:होली पर हुआ विवाद, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में होली के दिन सुरक्षा गार्डों और निवासियों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में सुरक्षा गार्डों ने लाठी-डंडों से निवासियों को पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। निवासियों के अनुसार, होली के अवसर पर कुछ लोग अपने परिवार के साथ डांस कर रहे थे। इसी दौरान, सुरक्षा गार्डों ने आकर उन्हें रोका, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। बहस बढ़ने पर तीन से चार सुरक्षा गार्डों ने एक निवासी के साथ धक्का-मुक्की की और उसे डंडों से पीटा। मारपीट की यह पूरी घटना किसी व्यक्ति के द्वारा अपने फ्लैट से मोबाइल कैमरे में कैद कर ली गई। उसके बाद इसके वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया, जिसमें सुरक्षाकर्मी मारपीट करते हुए दिख रहे हैं। यह मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र का है। पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।