घर में आग लगने से सिंचाई कर्मचारी की मौत:सरकारी क्वार्टर में शॉर्ट सर्किट से हादसा, दमकल टीम ने बुझाई आग

गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के सांसद चौराहा स्थित सिंचाई विभाग की कॉलोनी में मंगलवार रात करीब 9 बजे एक हादसा हुआ। सिंचाई विभाग में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी मुकेश चंद सहाय (44) के सरकारी क्वार्टर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगने के बाद कमरे में भीषण धुआं भर गया। आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया और गंभीर रूप से झुलसे मुकेश चंद सहाय को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मुकेश चंद सहाय को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल महेंद्र सिंह ने कर्मचारी की मौत की पुष्टि की है। मुकेश चंद सहाय मूल रूप से फतेहुल्लाहपुर के निवासी थे और सिंचाई विभाग की कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। घटना के समय उनकी पत्नी और बेटी गांव गई हुई थीं, जबकि उनका बेटा जिम गया था। आग इतनी भीषण थी कि कमरे में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सीओ सिटी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।