घर में चाकू लेकर हमलावर घुस आया…पुलिस क्या करती रही:बरेली में निदा खान बोलीं- CM ऑफिस बात करुंगी, पूरी हकीकत बता दूंगी

‘जैसे ही मैंने तौकीर रजा के खिलाफ मुखर होकर बोलना शुरू किया, इन लोगों ने मेरा जीना हराम कर दिया है। हम सालों से वुमेन इम्पावरमेंट की बात सुनते आ रहे हैं, मिशन शक्ति अभियान चल रहा है। सरकार कई इनिशिएटिव लेती है,लेकिन ग्राउंड पर वे लागू नहीं होतीं। यह कहना है निदा खान का। निदा खान ने बरेली पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा-मेरे घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया, मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं। शिकायत के बावजूद FIR नहीं हुई। अगर बरेली पुलिस नहीं सुनती, तो मैं भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले पर बात करूंगी, जिससे उन्हें बरेली पुलिस की वास्तविक स्थिति की जानकारी हो। पोस्टर विवाद से शुरू हुई तकरार
निदा ने बताया-26 सितंबर को बरेली में ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद के बाद इत्तेहादे मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने प्रोटेस्ट बुलाया था। इसके जवाब में मैंने सोशल मीडिया पर तौकीर रजा का विरोध किया और लोगों से अपील की कि वे उनके बहकावे में न आएं। उसी दिन बरेली में बवाल हो गया। पुलिस ने तौकीर रजा और उनके करीबियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तभी से मुझे लगातार धमकियां मिल रही हैं। घर में घुसकर चाकू से हमला
निदा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया-18 सितंबर को मैं लखनऊ से लौटी थी। रात करीब 9-9:30 बजे एक आदमी काले कुर्ते-पजामे में टोपी लगाए और बैग लिए मेरे घर में घुसा और पूछा कि निदा खान तहां है? जब मैं नीचे आई और बोली कि मैं ही निदा खान हूं, तो उसने चाकू निकालकर हमला कर दिया। घर में चीख-पुकार मच गई। शोर मचाने पर वह भाग गया और जाते समय जान से मारने की धमकी दी। हमने 112 पर कॉल कर पुलिस को बुलाया और CCTV फुटेज भी पुलिस को दे दिए। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और FIR का नामोनिशान भी नहीं है। सोशल मीडिया पर की शिकायत
निदा ने आगे कहा-मैंने X (ट्विटर) पर UP पुलिस और बरेली पुलिस को टैग किया। UP पुलिस का वही सामान्य रिप्लाई आया, जो हर बार आता है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हम सालों से वुमेन इम्पावरमेंट की बातें सुनते आ रहे हैं, सरकार कई पहलें करती है, लेकिन ग्राउंड पर वे लागू नहीं होतीं। कानून लागू है, लेकिन जमीन पर पुलिस फेल: निदा
निदा ने आरोप लगाया-तीन तलाक पर कानून बन गया, पर इसे लागू कराने में पुलिस फेल साबित होती है। अगर पुलिस इन मामलों में सही काम करे, तो महिलाएं ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगी। जब हमारे घर में लोग घुसकर धमकी दे सकते हैं, तो सड़क पर हमारा हाल क्या होगा-आप सोचिए। महामहिम के दौरे के दौरान भी परेशानी
निदा ने बताया-2 दिन पहले जब महामहिम आए थे, तब भी मुझे टारगेट किया गया। रास्ते में रोक-टोक हुई। हम हमेशा पुलिस के साथ सहयोग करते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई भी घर में घुसकर चाकू दिखा देगा या धमकी दे। अगर बरेली पुलिस इस मामले को नहीं सुनेगी और FIR दर्ज नहीं करेगी, तो मैं अपनी पार्टी भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से बात करूंगी और शिकायत करूंगी। मैं उन्हें बताऊंगी कि तौकीर की गिरफ्तारी के बाद भी मुझे क्यों निशाना बनाया जा रहा है और मेरी सुरक्षा पर इतना गंभीर खतरा है? तौकीर रजा के खिलाफ मुखर होने के बाद जिंदगी मुश्किल: निदा का आरोप
निदा ने आरोप लगाया-जैसे ही मैंने तौकीर रजा के खिलाफ मुखर होकर बोलना शुरू किया, इन लोगों ने मेरा जीना हराम कर दिया है। अगर किसी को लगता है कि तौकीर को गिरफ्तार कर लिया गया तो अब उसकी कीमत मुझे चुकानी होगी, तो मैं इसे स्वीकार नहीं करूंगी। पुराने मुकदमे और पुलिस के रवैये पर उठाए सवाल
निदा ने कहा-मेरे पति शीरान के खिलाफ सालों से मुकदमे लंबित हैं। कई बार वारंट जारी होते हैं, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होती। पुलिस किसी न किसी तरह से सहयोग करती हुई दिखती है। इसलिए मुझे भरोसा नहीं होता कि मेरी शिकायत के बाद भी सही कार्रवाई होगी। अब जानिए कौन हैं निदा खान?
निदा खान एक समाजसेविका हैं। उनका निकाह 18 फरवरी 2015 को शीरान रजा से हुआ था। उनके आरोपों के मुताबिक दहेज, घरेलू हिंसा और मारपीट के मामलों के बाद पति ने उन्हें तीन तलाक दे दिया। इस घटना के बाद उन्होंने तीन तलाक के विरोध में आवाज उठाई। आज वे आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी नाम से संस्था चला रही हैं और ट्रिपल-तलाक पीड़ित महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ रही हैं। पति के खिलाफ वारंट जारी
निदा ने बताया-मेरे पति के खिलाफ भी वारंट जारी हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। मुझे अब पुलिस से ज्यादा उम्मीद नहीं, लेकिन मैं यह वीडियो इसलिए जारी कर रही हूं ताकि अगर मुझे कुछ हुआ तो जिम्मेदारी किसकी होगी, यह साफ रहे।” निदा ने कहा-सोशल मीडिया पर किसी महिला को गालियां देना या फोन कर धमकी देना अपराध है। मैं चाहती हूं कि पुलिस ऐसे लोगों को ट्रेस करे और कार्रवाई करे। यह सिर्फ मेरी नहीं, बल्कि हर महिला की सुरक्षा का सवाल है। निदा खान के खिलाफ जारी हो चुका है फतवा
निदा खान के खिलाफ शहर काजी की तरफ से फतवा भी जारी कर चुके हैं। इसमें उन्हें और उनके परिवार को इस्लाम से खारिज कर दिया गया था। उनका हुक्का पानी तक बंद करवा दिया गया था। यहां तक कि अगर कोई उन्हें कोई सामान बेचता है तो वो भी इस्लाम से खारिज माना जायेगा। कब्रिस्तान में निदा के परिवार के अगर किसी सदस्य का इंतकाल हो जाता है तो उसे दफनाने तक की इजाजत नहीं थी। उनके जनाजे तक में कोई शामिल नहीं हो सकता था। ——— ये भी पढ़ें- सुंदर लड़की से शादी कराएंगे, ये बोलकर गौमांस खिलाया:बरेली में कलमा पढ़वाकर मुंबई ले गए, 14 खाते खुलवाए; साइबर फ्रॉड में फंसा बरेली में एक फार्मासिस्ट को सुंदर लड़की से शादी का लालच देकर इस्लाम कबूल करवाया गया। उसे मस्जिद में कलमा पढ़वाया गया। पीड़ित फार्मासिस्ट की अपने मकान मालिक के भतीजे से दोस्ती हुई। इसके बाद आरोपियों ने उसका ब्रेनवॉश कर दिया। उसे गौमांस भी खिलाया गया। पढ़िए पूरी खबर…