घाटमपुर तहसील क्षेत्र में होली का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। चौराहों और मुख्य बाजारों में रंग, गुलाल और पिचकारियों की सजी दुकानों पर बच्चों और अभिभावकों की भीड़ उमड़ रही है। इस बार पारंपरिक पिचकारियों की तुलना में तलवार, गन, कुल्हाड़ी, हथौड़ा और तलवार के आकार वाली खिलौना पिचकारियों की मांग तेजी से बढ़ी है। बच्चे खास तौर पर इन नए डिजाइन को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। चौराहे चौराहे सजी दुकानें
घाटमपुर समेत आसपास गांवों में चौराहे पर लगी अस्थायी दुकानों में अलग-अलग आकार और रंगों की पिचकारियां सजाई गई हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में कार्टून और हथियारनुमा डिजाइन की पिचकारियों का चलन बढ़ा है, लेकिन इस बार कुल्हाड़ी और हथौड़ा मॉडल सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। छोटे बच्चों से लेकर किशोर उम्र तक के बच्चे इन्हीं पिचकारियों को पसंद कर रहे हैं। लोगो – बोले बच्चे पसंद कर रहे पिचकारी
घाटमपुर थाना क्षेत्र के निवासी अनुज और धीरेन्द्र द्विवेदी ने बताया कि वह अपने बच्चों को लेकर पिचकारी दिलाने बाजार पहुंचे थे। दुकान पर पहुंचते ही उनका बच्चा तलवार वाली पिचकारी लेने की जिद करने लगा। काफी समझाने के बाद भी वह नहीं माना, जिसके चलते आखिरकार उन्हें वही पिचकारी खरीदनी पड़ी। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों में नए और आकर्षक डिजाइन का खासा क्रेज है। वहीं इस बार बाजार में रंगों की तुलना में अबीर-गुलाल की बिक्री अधिक देखी जा रही है। दुकानदारों के अनुसार लोग सूखे रंगों को प्राथमिकता दे रहे हैं। केमिकल वाले गीले रंगों से दूरी बनाते हुए लोग हर्बल और खुशबूदार गुलाल खरीद रहे हैं। होली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। एसीपी बोले- चौराहे पर पुलिस कर्मी तैनात
घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया कि त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।