आगरा के फतेहपुर सीकरी कस्बे के इसलामगंज फाटक के पास शुक्रवार रात करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान दूल्हे ने मानवता का परिचय देते हुए मंडप पर जाने से पहले खुद घायल बाराती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में इसलामगंज फाटक के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवक घायल हो गए। दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। आगरा के खेरिया क्षेत्र के लोधा गांव से एक बारात कुम्हेर (भरतपुर) जा रही थी। इसी दौरान बारात में शामिल होने जा रहा एक युवक अपनी निजी बाइक से फतेहपुर सीकरी पहुंचा। इसलामगंज फाटक के पास उसकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई, जिससे दोनों बाइक सवार घायल हो गए। घायल बाराती की पहचान अजय पुत्र दिनेश निवासी सुल्तानपुर, आगरा के रूप में हुई है। वहीं दूसरे बाइक सवार की पहचान सुफियान पुत्र पप्पू निवासी इसलामगंज, फतेहपुर सीकरी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दूल्हा और अन्य बाराती मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।