लखीमपुर खीरी जिले के नीमगाँव थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में बुधवार रात को एक 48 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मृतक की पहचान फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गाँव निवासी राजकिशोर (48) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राजकिशोर बुधवार दोपहर अपने घर से जानवरों के लिए घास काटने खेतों की ओर गया था। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान, नीमगाँव थाना क्षेत्र के बेहटा गाँव के पास खेतों में उसका शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी संदीप यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर पड़ताल जारी है। इस घटना के बाद गाँव में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतक के परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।