संभल में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक चचेरी बहन ने अपनी नाबालिग तहेरी बहन को बदनाम करने के इरादे से उसके नाम से इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बना ली। इसी आईडी से एक युवक के साथ चैटिंग की गई, जो करीब 15 दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। चैट वायरल होने के बाद पीड़ित परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई। यह मामला संभल कोतवाली क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार को 10 जनवरी को फर्जी चैटिंग की जानकारी मिली, जिसके बाद 12 जनवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच शुरू की। साइबर पुलिस ने किया खुलासा जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी चचेरी बहन ने ही नाबालिग तहेरी बहन के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर युवक से बातचीत की थी। शनिवार को साइबर क्राइम पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी युवती और उसके दूसरे समुदाय के प्रेमी को हिरासत में ले लिया। दोनों से पूछताछ की जा रही है। बदले की भावना में रची साजिश पुलिस के मुताबिक आरोपी युवती अपनी मां के साथ हिमाचल प्रदेश में मजदूरी करती थी, जहां उसकी पहचान दूसरे समुदाय के युवक से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे करीब एक साल पहले घर से फरार हो गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान पीड़ित परिवार द्वारा दिए गए तानों से नाराज होकर युवती ने बदले की भावना में यह साजिश रची। मामले की गहन जांच जारी थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फर्जी आईडी बनाने, चैट वायरल करने और इसके पीछे की मंशा की गहराई से जांच की जा रही है। साइबर टीम सभी तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।