चाइनीज मांझे से चलती बाइक पर एमआर का गला कटा:लखनऊ में खून से लथपथ 10 मिनट तक तड़पते रहे

लखनऊ में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने की वजह से एमआर की मौत हो गई। वह बाइक से जा रहे थे। तभी उनके गले में चाइनीज मांझा फंस गया। खून से लथपथ होकर वह बाइक समेत गिर गए और करीब 10 मिनट तक तड़पते रहे। राहगीरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान मोहम्मद शोएब (33) के रूप में हुई। घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की खाला बाजार थाना क्षेत्र के हैदरगंज ओवरब्रिज की है। अब पढ़िए पूरा मामला… बहनोई फैज ने बताया कि दोपहर में 3.30 बजे पत्नी ने फोन करके बताया कि शोएब का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना पर वह आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। वहां पर उनका ईसीजी चल रहा था। शोएब बाइक से चौक से एवरेडी चौराहे की ओर जा रहे थे। हैदरगंज पुल के पास कुछ लोग पतंगबाजी कर रहे थे। अचानक चाइनीज मांझा लगी पतंग शोएब के गले में उलझ गई। जब तक वो संभलते मांझे से गले में गहरा घाव हो गया। जिससे वह अनियंत्रित होकर बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। गले से काफी खून बह रहा था। आसपास से गुजर रहे लोगों ने रुमाल से खून रोकने का प्रयास किया। नस काटने की वजह से ब्लीडिंग रुकी नहीं। इस पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत शोएब को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। यहां इमरजेंसी में उनका इलाज शुरू हुआ। डेढ़ घंटे चले इलाज के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शोएब जाइडस कंपनी में एमआर थे। परिवार में पत्नी फौजिया, बेटियां 7 साल की बुशरा, दो साल की इकरा है। उनकी बहन दिल्ली में डॉक्टर है। चाइनीज मांझे से गले की नस कटी
शोएब का इलाज करने वाले डॉक्टरों ने बताया- शोएब गंभीर हालत में लाया गया था। इमरजेंसी में उसका इलाज शुरू किया गया। उसके गले की नसें कट गई थीं। इससे बहुत ज्यादा खून बह चुका था। उसे बचाया नहीं जा सका। गले की नसें कटने की वजह से उसकी मौत हुई है। लोग बोले- आज बड़ी घटना हो गई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- शोएब तेजी से बाइक से जा रहे थे। अचानक से धागा उनके गले से उलझ गया। शोएब ने बाइक रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक गला कट गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हमेशा इस तरह की समस्याएं बनी रहती हैं। अक्सर मांझे से लोगों के गले काट देता है। मामूली जख्म होने की वजह से लोग चले जाते हैं, लेकिन आज बड़ी घटना हो गई। इंस्पेक्टर बाजार खाला बृजेश सिंह ने बताया- घटना दोपहर 2 बजे की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यूपी में बैन है चाइनीज मांझा यूपी में चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बाद भी इसकी बिक्री हो रही है। भारत में सामान्य धागे से पतंग की डोर तैयार होती है, लेकिन चीन में नायलॉन के साथ मेटलिक पाउडर का उपयोग होता है। इसमें कांच और लोहे के चूरे को भी मिलाया जाता है ताकि धार और तेज हो। नायलॉन के धागे के कारण पेच लड़ने पर खिंचाव बढ़ता है और चाइनीज मांझा कटता नहीं है। कांच और लोहे का चूर्ण मिला यह मांझा गला रेतने के लिए पर्याप्त होता है। चाइनीज मांझा बना जानलेवा…. —————— यह खबर भी पढ़ें ग्राउंड रिपोर्ट लखनऊ में गाय ने बच्ची को पटककर सींग मारे: 3 को खदेड़ चुकी थी; कॉलोनी में दर्जनों जानवर घूम रहे, नगर निगम लाचार लखनऊ के चौपटिया में 1 फरवरी को गाय ने एक बच्ची के पटक-पटककर मारा था। वह गाय उस दिन बच्ची को मारने से पहले 3 लोगों को दौड़ा चुकी थी। पूरे चौपटिया में एक नहीं दर्जनों गाय और कुत्ते घूमते रहते हैं। यहां पढ़ें पूरी खबर