चित्रकूट में डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते चकबंदी अधिकारी गिरफ्तार:मुकदमा पक्ष में निपटाने के नाम पर मांगे थे 5 लाख रुपए

चित्रकूट में विजिलेंस टीम ने चकबंदी विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। चकबंदी अधिकारी (सीओ) धीरेंद्र शुक्ला को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते समय पकड़ा। झांसी विजिलेंस इकाई ने सदर तहसील में तैनात चकबंदी अधिकारी धीरेंद्र शुक्ला को उनके आवास से डेढ़ लाख रुपए की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया। विपक्ष के पक्ष में फैसला देने की धमकी जानकारी के अनुसार, सिद्धपुर गांव निवासी अखंड प्रताप सिंह ने विजिलेंस से शिकायत की थी कि उनके चकबंदी मुकदमे में पक्ष में फैसला देने के बदले चकबंदी अधिकारी द्वारा 5 लाख रुपए की मांग की जा रही है। पीड़ित का आरोप है कि रुपए न देने की स्थिति में अधिकारी विपक्ष के पक्ष में फैसला देने की धमकी भी दे रहा था। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विजिलेंस झांसी इकाई ने जाल बिछाया। पूर्व नियोजित योजना के तहत जैसे ही आरोपी अधिकारी ने पहली किस्त के रूप में डेढ़ लाख रुपए लिए, विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई टीम प्रभारी पीयूष पांडे के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद चकबंदी विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।