चित्रकूट में विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान:पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, पति सतना में करता था काम

चित्रकूट जनपद के मानिकपुर कस्बे के जवाहर नगर मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जवाहर नगर निवासी 30 वर्षीय अनीता, पत्नी बलराम, ने मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर के कमरे में पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानिकपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के समय अनीता के पति बलराम मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन पर वेंडर का काम कर रहे थे। सूचना मिलने पर वे सतना से मानिकपुर के लिए रवाना हो गए। मृतका के तीन बच्चे हैं-शिवम (9), वर्षा (7) और शिवांश (3)। अनीता मूल रूप से मध्य प्रदेश के रीवा जिले की निवासी थीं। विवाह के बाद वह मानिकपुर में रह रही थीं। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चीरघर भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।