चित्रकूट में SDM ने युवक को थप्पड़ जड़ा, VIDEO:गाड़ी ओवरटेक करने पर नाराज हुए; हाथ जोड़-कान पकड़ माफी मांगता रहा

चित्रकूट में एसडीएम और उनके ड्राइवर ने एक युवक को ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। युवक ने एसडीएम की गाड़ी को बाइक से ओवरटेक की थी। थप्पड़ खा रहा युवक हाथ जोड़कर और कान पकड़कर माफी मांगता रहा लेकिन अधिकारी ने रहम नहीं की। मामला शहर कोतवाली के रानीपुर भट्‌ट मोहल्ले का है। थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है। दरअसल, मौनी अमावस्या की ड्यूटी में लगाए गए एसडीएम राकेश पाठक गाड़ी से कर्वी की तरफ से आ रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी को एक युवक ने ओवरटेक किया। युवक का ओवरटेक करना एसडीएम को नागवार लगा। गुस्से में तमतमाए एसडीएम ने बाइक रुकवाई और गार्ड्स से कहकर युवक को पकड़वाया। अब जानिए पूरा मामला मौनी अमावस्या पर एसडीएम राकेश पाठक की ड्यूटी चित्रकूट के रामघाट पर लगी थी। मेले की वजह से शहर में काफी भीड़ थी। एसडीएम मुआयना कर कर्वी की ओर से आ रहे थे उसी वक्त एक बाइक सवार युवक ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया। ओवरटेक करने पर एसडीएम नाराज हो गए। उनके ड्राइवर ने गाड़ी को बाइक के सामने ब्रेक मारकर युवक को रोक लिया। उनके गार्ड और ड्राइवर उतरे और युवक को लेकर एसडीएम के सामने पहुंचे। एसडीएम के सामने ही ड्राइवर ने युवक को थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद एसडीएम ने भी गुस्से में युवक को थप्पड़ मारे। युवक गलती पर माफी मांगता रहा। वह कभी हाथ जोड़ रहा था तो कभी कान पकड़ रहा था। एसडीएम बोले- मारा नहीं… एसडीएम और उनके ड्राइवर की इस हरकत का वीडियो किसी ने चुपके से बना लिया। अब वीडियो सामने आने के बाद एसडीएम ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि युवक ईयरफोन लगाकर बाइक चला रहा था। वह गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था। उसे रोका गया और समझाया गया। पिटाई नहीं की। उधर, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर ने बताया कि वीडियो को देखा गया है। मामले की जांच की जा रही है। ———————————- ये खबर भी पढ़िए… शोहदे को 30 सेकेंड में 12 थप्पड़ जड़े, VIDEO:गोरखपुर में छात्रा को छेड़ा, गली में खींचा; अब युवक हाथ जोड़कर बोला- माफ कर दो गोरखपुर में एक युवक ने छात्रा का हाथ पकड़कर गली में खींचा। छात्रा ने झटक कर अपना हाथ छुड़ाया। फिर युवक से बचने के लिए भागने लगी। लड़के की इस हरकत का गली में खड़े लोगों ने वीडियो बना लिया। पढ़ें पूरी खबर….