कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक 14 वर्षीय किशोरी को पहले दुकानदार ने पीटा, फिर घर पर मां और नानी ने भी उसकी पिटाई की। इस घटना से आहत होकर किशोरी घर से भाग निकली। परिजनों ने चकेरी थाने में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस किशोरी की तलाश कर रही है। नेताजी नगर कुम्हार मंडी निवासी पूनम शर्मा ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी पूर्वी कक्षा 7 की छात्रा है। रविवार सुबह करीब 11 बजे पूर्वी इलाके की परचून की दुकान से सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकान में महिला दुकानदार के अंदर जाने पर पूर्वी ने गुल्लक उठाकर पैसे निकाल लिए और गुल्लक वहीं फेंककर घर आ गई। दुकान मालकिन ने गुल्लक गायब देखा तो सीसीटीवी फुटेज चेक किया, जिसमें पूर्वी चोरी करती दिखी। इसके बाद महिला दुकानदार ने पूर्वी को 3-4 थप्पड़ मारे और उसके घर शिकायत लेकर पहुंची। घर पर डांटने पर पूर्वी ने चोरी की बात कबूल कर ली। इसके बाद नानी और मां ने भी उसकी पिटाई की। पिटाई और अपमान से आहत होकर किशोरी ने घर के पास की दीवार कूदकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान वह गिर गई, जिससे उसके सिर में चोट लग गई। मौका मिलते ही वह वहां से भाग निकली। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मां पूनम शर्मा ने आसपास और रिश्तेदारों से जानकारी ली, लेकिन पूर्वी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने चकेरी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि चोरी के मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।