आगरा में थाना ताजगंज क्षेत्र स्थित एडीए चौपाटी में आए परिवार के साथ अभद्रता और मारपीट का आरोप लगा है। महिला के टॉयलेट यूज करने पर विवाद हुआ। टॉयलेट साफ करने के लिए कहा। मना करने पर पति, उनकी पत्नी और साले को लाठी-डंडों और प्लास्टिक के पाइप से पीटा। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बमरौली कटारा क्षेत्र के जितेंद्र सिंह ने थाना ताजगंज में एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना था कि वह शुक्रवार को रात 9 बजे पत्नी निशा और साले विपिन व बच्चों को ताजनगरी फेज-2 में स्थित चौपाटी घुमाने ले गए थे।
चौपाटी को एडीए ने ईओडी नाम की कंपनी को संचालन के लिए दे रखा है। पत्नी ने चौपाटी में बना टॉयलेट इस्तेमाल कर लिया। इस बात पर वहां कुछ कर्मचारी आ गए। टॉयलेट यूज करने पर अभद्रता करते हुए टॉयलेट की सफाई करने के लिए कहने लगे। उन्होंने विरोध करते हुए कहा कि टॉयलेट साफ करना जिसका काम है वही करेगा। आरोप है कि इस बात पर स्टाफ ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। सबने मिलकर लाठी-डंडों और प्लास्टिक के पाइपों से हमला बोल दिया। उन्हें, पत्नी और साले की पिटाई की। बच्चे दहशत में रोने लगे। उन्होंने पुलिस को कॉल किया तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। मामले में एसीपी ताज सुरक्षा पियूष कांत राय ने बताया कि अज्ञात आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी की पहचान कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।