छावनी परिषद की मंगलवार को हुई बोर्ड बैठक में छावनी क्षेत्र के तीनों मेट्रो स्टेशनों पर पार्किंग की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठा। परिषद ने इस समस्या के समाधान के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) से जवाब मांगने का निर्णय लिया है। जल्द ही छावनी कार्यालय में एनसीआरटीसी के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी। परिषद ने अपने स्तर पर भी आसपास पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर विचार करने का फैसला किया है।
बैठक में ब्रिगेडियर और छावनी परिषद के अध्यक्ष निखिल देशपांडे, मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन, विधायक अमित अग्रवाल और मनोनीत पार्षद सतीश शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए। टैंक चौराहे का नाम ‘अटल चौक’ रखने पर सहमति बनी। सदर बाजार में सड़क, फुटपाथ और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। लंबे समय से चली आ रही शौचालय की मांग को पूरा करने और पार्किंग समस्या के समाधान के लिए एक समिति गठित करने का भी निर्णय लिया गया। सीएबी स्कूल में कुछ समय से बंद पड़ी पार्किंग को फिर से शुरू किया जाएगा। इसके लिए 2.56 लाख रुपये का पार्किंग ठेका आवंटित किया गया है। गांधी बाग में कैफेटेरिया, पार्किंग और मरम्मत सहित पूर्ण संचालन का ठेका 76 लाख रुपये में तीन साल के लिए आवंटित किया गया है। इसके अतिरिक्त, कैंट रेलवे स्टेशन की पार्किंग का ठेका 5.68 लाख रुपये में छोड़ा गया है।