छेड़खानी से परेशान युवती ने पिया फिनायल:हालत गंभीर, दो दिन पहले शिकायत पर नहीं हुई थी कार्रवाई

भदोही के औराई थाना क्षेत्र में छेड़खानी से परेशान एक युवती ने फिनायल पी लिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। यह घटना तब सामने आई जब युवती की मां ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही थाने में युवक के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, पुलिस ने उस समय कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे आरोपी लगातार युवती को परेशान करते रहे। आज दोपहर करीब 4 बजे युवती ने परेशान होकर फिनायल पी लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। युवती की गंभीर स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मां की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित युवती की मां ने बताया कि गांव में कुछ आगे रहने वाले निक्कू और दूधनाथ नामक युवक उनकी बेटी को लगातार छेड़ते थे। घर पर शिकायत करने पर उनके परिजन मारपीट पर उतारू हो जाते थे और जान से मारने की धमकी भी देते थे। मां ने यह भी बताया कि पुलिस में शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, और आज फिर छेड़खानी से तंग आकर बेटी ने यह कदम उठाया। इस संबंध में थाना अध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामला पहले संज्ञान में नहीं था किंतु आज जैसे ही तहरीर मिली है। मां द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर दो आरोपी को गिरफ्तार किया गया है पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।